मार्टिनगंज। विकास खंड के ग्राम पंचायत कुशवां के ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर ग्राम प्रधान पर शौचालय के लिए धन मांगने का आरोप लगाया है। बीडीओ ने उक्त मामले की जांच एडीओ पंचायत से कराकर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
मार्टीनगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत कुसवां में बेसलाइन सर्वे सूची के तहत 246 पात्रों का नाम था। जिसके आधार पर अप्रैल माह में 25 लाभार्थियों को शौचालय निर्माण के लिए 12-12 हजार प्रदान कर शौचालय बनवाया गया। अगस्त माह में पुन: 221 शेष लाभार्थियों को शौचालय निर्माण के लिए धन ग्राम पंचायत को मिला। ग्राम प्रधान राम अचल राजभर का कहना है कि 221 पात्र लाभार्थियों के सापेक्ष सौ लाभार्थियों को शौचालय निर्माण की पहली किस्त छह हजार रुपये जारी कर दी गई, शेष को भी जारी करना बाकी है। उनको भी जल्द जारी हो जाएगा। ग्राम पंचायत के ही आधा दर्जन लोगों द्वारा खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद राम से शिकायत की गई है कि ग्राम प्रधान द्वारा शौचालय का धन भेजने से पहले प्रति शौचालय 3000 की मांग की जा रही है। यह आरोप सुहेल अहमद, लल्लन, छोटेलाल, सबदु राम सहित कई लोगों ने लगाया है। खंड विकास अधिकारी ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत सतीश चंद्र सिंह को तत्काल गांव में जाकर शिकायत की जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया और शिकायतकर्ता की शिकायत सही पाए जाने पर ग्राम प्रधान के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया।