गिरफ्तार चोर की निशानदेही पर रविवार को हरियाणा के फरीदाबाद जिले की पुलिस रौनापार थाना क्षेत्र के सपहा गांव पहुंची और बताए हुए स्थान सहित आसपास के क्षेत्रों की खाक छानते हुए तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण की तलाश की। हालांकि पुलिस को सफलता नहीं मिली।
सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह के मुताबिक रविवार को रौनापार थाने पर हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सदर बल्लभगढ़ थाने के दरोगा रविंद्र, कांस्टेबल मनोज और परवीन के साथ रौनापार थाने पहुंचे। इनके साथ रौनापार थाना क्षेत्र के सपहा गांव निवासी दीपक चौहान भी मौजूद था। सीओ ने बताया कि दीपक गत दिनों फरीदाबाद जिले में सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति के घर से तीन लाख रुपये मूल्य का आभूषण, मोबाइल आदि चुरा लिया था। चोरी के इस मामले में पुलिस ने दीपक चौहान को गिरफ्तार कर ली। उसके पास से चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान दीपक ने बताया कि वह चुराया गया सभी आभूषण सपहा पाठक गांव के रहने वाले अयोध्या पाठक के घर के पास छिपाकर रखा हुआ है। सीओ ने बताया कि दीपक की निशानदेही पर फरीदाबाद जिले की पुलिस रविवार को दीपक के साथ रौनापार थाने पहुंची। रौनापार थाने की पुलिस के साथ सपहा पाठक गांव पहुंचकर अयोध्या पाठक के घर सहित आसपास के स्थानों पर सघन तलाशी ली। लेकिन अभी तक आभूषण नहीं मिला। पुलिस का प्रयास जारी है।