पवई। थाना क्षेत्र के दबदबा गांव निवासी आशा देवी पत्नी रामचंद्र ने शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें अपने परिवार के राजेंद्र प्रसाद, शीला, रेखा, संगीता, विपीन, विवेक, सुधाकर, दवाकर, त्रिभुवन, संतोष, तेजस्वी, मुन्नर, बड़ेलाल, गब्बर, गुलशन, बाबूलाल, नेबूलाल, दीपक रजक, कुलदीप रजक आदि को आरोपित किया है। आशा देवी का आरोप है कि वह कुछ दिनों के लिए अपनी बहन के घर गई हुई थी। इस दौरान पति की तबियत खराब होने पर उसे शहर कोतवाली क्षेत्र के लछीरामपुर मुहल्ले में स्थित वेदांता अस्पताल में भर्ती कराकर ऑपरेशन कराया गया। आपरेशन के बाद पति घर पहुंचे जहां उनकी मौत हो गई। इस बात की जानकारी मुझे फोन पर दी गई तो मैं भागकर अपने गांव पहुंची। आशा का आरोप है कि पति के गले पर काला निशान था। घर वाले बगैर लाश का पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। आशा का आरोप है कि उसके पति की हत्या की गई है। सीओ फूलपुर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।