सगड़ी। पुरानी रंजिश के चलते मंगलवार की रात जीयनपुर चौक पर दो समुदाय के बीच हुई मारपीट में घायल एक युवक का शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा। जहां दूसरे दिन बुधवार को भी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के संबंध में युवक के पिता ने दस लोगों को नामजद और 20 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही। उधर घटना के बाद उपजे तनाव को देखते हुए बाजार में पीएसी तैनात कर दी गई है। सफाईकर्मी घायल युवक हरिश्चंद यादव (40) पुत्र बालजीत जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के टड़वा सफुद्दीनपुर गांव का निवासी है। बालजीत के मुताबिक मुहल्ले के कुछ लड़कों और दूसरे समुदाय के लड़कों के बीच तीन दिन पूर्व किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया। मंगलवार की रात उनके मुहल्ले का एक युवक जीयनपुर चौक पर अंडा खा रहा था। वहीं पर दूसरे समुदाय के युवक भी पहुं्च गए। दोनों पक्षों के लोग फोन कर अपने-अपने समर्थकों को बुलाए और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इस दौरान बालजीत का बेटा हरिश्चंद्र भी पहुंच गया और बीच बचाव करने लगा। तभी दूसरे समुदाय के लोगों ने धारदार हथियार से हरिश्चंद्र पर हमलाकर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से घायल होकर हरिश्चंद्र जमीन पर गिर गया। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां अभी भी हालत गंभीर बनी हुई है। मामला दो समुदाय का होने की वजह से तनाव उत्पन्न हो गया। हालांकि भारी भरकम फोर्स पहुंचने से मामला शांत हो गया। घटना के संबंध में हरिश्चंद्र के पिता ने मुहल्ले के यहसान, रेडियो उर्फ जमील, खालिद, खालिफ, याकूब, मोनू उर्फ मीरहसन, असलम, अबूसाद, मोहसीन, हैदर को नामजद और 20 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। तनाव को देखते हुए कस्बे में पीएसी तैनात कर दी गई है। सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह ने बताया कि मामला बिल्कुल शांत है। ऐहतियातन पीएसी तैनात की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।