आजमगढ़। शनिवार को भी जिले में आग का कहर जारी रहा। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में शनिवार को शार्टसर्किट होने से करीब आधा दर्जन किसानों का 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। वहीं जहानागंज थाना क्षेत्र के बोहना और खानपुर गांव के बार्डर पर शार्टसर्किट ह8ोने से करीब बीस बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। फायर ब्रिगेड ने गांव वालों की मदद से आग पर काबू पाया। इसीक्रम में बरदह थाने के तम्मरपुर गांव में मड़ाई के लिए काटकर रखा गया दो बीघा गेहूं का बोझ जलकर नष्ट हो गया। गेहूं के बोझ के साथ-साथ हरा आम का पेड़ भी जल गया। इसीक्रम में पवई थाना क्षेत्र के सहराजा गांव में विद्युत तार टूटकर गिरने से खेत में आग लग गई। लोग जब तक घटना पर काबू पाते कि आधा दर्जन किसानों का करीब तीन बीघा गेहूं का फसल जलकर नष्ट हो गई। इसीक्रम में तहबरपुर थाने के सुमहाडीह गांव में शार्टसर्किट से आग लगने से आधा दर्जन किसानों का करीब पांच बीघा से अधिक गेहूं जलकर नष्ट हो गया। फायर ब्रिगेड की मदद से ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया।