अहरौला। थाना क्षेत्र के शमशाबाद गांव के पास रविवार की रात करीब दस बजे घात लगाए चार बदमाशों ने पिता-पुत्र को घायल कर 90 हजार रुपये लूट ले गए। भागते समय बदमाशों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी किया। लोगों की मदद से घायल पिता-पुत्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज कराने के बाद सोमवार को पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घायल युवक पंकज राय (35) और उसके पिता राजेंद्र राय (60) अहरौला थाना क्षेत्र के पारा गांव के निवासी हैं। पंकज राय ने बताया कि वह रविवार की शाम अपने पिता के साथ ननिहाल गया था। वहां से 90 हजार रुपये उधार मांगकर घर लौट रहा था। रात करीब दस बजे जैसे ही वह अहरौला थाना क्षेत्र के शमशाबाद गांव के पास पहुंचा कि घात लगाए चार बदमाश पहले से मौजूद थे। वे सभी लोग पिता-पुत्र पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। इस दौरान पंकज रुपये लेकर भाग गया। रुपये न मिलने पर बदमाश चले गए। इसके बाद उसका पिता बाइक लेकर चला और कुछ दूर पर मौजूद पंकज को बैठाकर पिता-पुत्र दोनों चलने के लिए तैयार हुए। जैसे ही इनकी बाइक थोड़े दूर पर पहुंची कि पीछे से तीन बाइक पर सवार बदमाश पुन: पहुंच गए और बाइक रोककर कनपटी पर तमंचा सटा दिया और 90 हजार रुपये लूट लिया। विरोध करने पर पुन: मारपीटकर घायल कर दिया। सीओ बूढनपुर रामजन्म ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।