मार्टीनगंज (आजमगढ़)। दीदारगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने दो व्यापारियों को डरा धमका कर नकदी और मोबाइल लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गये। पीड़ित व्यापारियों ने घटना की सूचना थाने पर दे दी है। लारपुर गांव निवासी अच्छेलाल मौर्या पुत्र रामसेवक मौर्या सब्जी कारोबारी है। मार्टीनगंज बाजार में उसकी दुकान है। बुधवार की रात वह दुकान से घर लौट रहा था। इसी दौरान शारदा सहायक खंड 32 नहर के बिछियापुर पुलिया पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। तमंचा सटा कर बदमाशों ने उसके पास रखे चार हजार रुपये और मोबाइल लूट कर फरार हो गये। दूसरी घटना लारपुर-कालेपुर के बीच स्थित नजर पुलिया पर हुई। कालेपुर गांव निवासी डबलूराजभर पुत्र रामसेवक राजभर कुशलगांव करूईमोड़ पर किराना की दुकान करता है। बुधवार की रात वह भी दुकान बंदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान चार बदमाशों ने उसे रोक लिया और जेब में रखे चार सौ रुपये और मोबाइल छीन कर फरार हो गये। पीड़ितों ने दीदारगंज थाने पर घटना की सूचना दे दी है वहीं पुलिस ऐसी किसी घटना के होने की जानकारी से इंकार कर रही है।