आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के कुर्थीयां गांव के पास गुरुवार की भोर में हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि दो भागने में सफल रहे। भागे बदमाशों में शामिल सूफियान यह दूसरा मौका रहा जब वह पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गया। सूफियान के साथ भागने वाला दूसरा बदमाश दीपक यादव गाजीपुर जिले का वांटेड और 50 हजार का इनामी है। इन दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए जहां सरगर्मी से तलाश की जा रही। वहीं इनाम की धनराशि भी बढ़ाने के लिए रिपोर्ट भेजने की तैयारी की जा रही। गाजीपुर जिले के बहरियाबाद बाजार के रहने वाले एक बड़े व्यापारी की हत्या करने की योजना तैयार कर मेंहनगर थाने के खडगपुर गांव निवासी 50 हजार के इनामी पंकज दुबे, इसी गांव के 30 हजार के इनामी चंकी पांडेय, इसी थाने के मालपार गांव निवासी गाजीपुर जिले के 50 हजार के इनामी दीपक यादव और मेंहनगर कस्बे के 25 हजार के इनामी सोनू उर्फ सुफियान गुरुवार की भोर में जा रहे थे। घटना को अंजाम देने से पूर्व बुधवार की रात इन्होंने एक व्यक्ति की बाइक भी लूटी। चारो बदमाश पूरी योजना के तहत गुरुवार की भोर में निकले, लेकिन तरवां थाने के रासेपुर बाजार में पुलिस से इनका सामना हो गया। कुर्थीयां गांव के पास हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली से घायल पंकज और चंकी पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि दीपक और सुफियान गच्चा देकर फरार हो गए। पुलिस के चंगुल से सुफियान दोबारा बच निकला। इससे पूर्व 15 अप्रैल की भोर में रानी की सराय थाने की पुलिस से उसका सामना हुआ था। इस दौरान पुलिस की गोली से घायल उसका एक साथी गिरफ्तार हो गया। जबकि सुफियान भागने में सफल रहा। पुलिस के मुताबिक यह सभी जेल में निरुद्ध जामवंत यादव के इशारे पर घटनाओं को अंजाम देते हैं। उसी के इशारे पर हाल के दिनों में तरवां थाना क्षेत्र के खरिहानी बाजार निवासी एक क्लिनिक संचालक के क्लिनिक पर फायर भी किया था। नरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी ग्रामीण ने बताया कि दूसरी बार सुफियान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जेल में निरुद्ध जामवंत यादव के इशारे पर यह गिरोह काम करता है। सुफियान और दीपक यादव पर घोषित इनाम की धनराशि बढ़ाने के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही। जल्द ही उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। -