अंतरजनपदीय दो लुटेरे दबोचे
रायबरेली। भदोखर पुलिस व स्वाट टीम ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर अंतरजनपदीय लूट गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लूट का सामान खरीदने वाले एक सराफ को भी दबोचा है।
पकड़े गए बदमाशों के पास से दो तमंचे, लूटे गए जेवरात व नकदी बरामद हुई है। पुलिस की मानें तो ये बदमाश रायबरेली जिले के अलावा पड़ोसी जनपदों में भी लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। इसके बाद लूटे गए सामान को सराफ के हाथों बेच देते थे।
एसपी सुजाता सिंह ने शनिवार को पकड़े गए बदमाशों के बारे में जानकारी दी। एसपी ने बताया कि भदोखर एसओ अशोक त्रिपाठी, स्वाट टीम प्रभारी राकेश सिंह ने सूचना के आधार पर सरायं दामू गांव के पास से शुक्रवार रात तीन लोगों को दबोचा।
ये लोग किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इन लोगों की पहचान प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाना क्षेत्र के शाहबरी गांव निवासी राजेंद्र बहादुर सिंह उर्फ राजू सिंह, अंतू थाना क्षेत्र के सड़वा मजरे चंदिकन निवासी संगमलाल सोनी, अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूरे शीतलाबक्श का पुरवा गांव निवासी विपिन सिंह के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि इनमें से संगमलाल सराफ है। इसी को बदमाश लूटा गया सामान बेचते थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बदमाशों के पास से जेवरात, 50,900 रुपये, लूट में प्रयुक्त बाइक, दवा, दो तमंचे मिले हैं। इसमें से विपिन के खिलाफ अमेठी जिले के विभिन्न थानों में नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जबकि राजेंद्र के खिलाफ तीन आपराधिक मुकदमे प्रतापगढ़ और अमेठी जिले में दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इन्हीं बदमाशों ने 22 मई को सलोन कोतवाली क्षेत्र में दंपती के साथ लूटपाट की थी। एसपी ने बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।