मेंहनगर । नगर पंचायत मेंहनगर के वार्ड नंबर पांच गांधी नगर में शनिवार की दोपहर बैंक से रुपये निकाल कर साइकिल से जा रहे सेवानिवृत अध्यापक डा. तेज प्रताप तिवारी से बाइक सवार बदमाशों ने 1.10 लाख रुपये लूट लिए। घटनास्थल के पास लगे सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर पुलिस खोजबीन कर रही है। मेंहनगर कस्बे के वार्ड नंबर आठ जवाहर नगर मुहल्ला निवासी डा. तेजप्रताप तिवारी ने शनिवार दोपहर घर के पास स्थित स्टेट बैंक से 1.05 लाख रुपये निकाले। पांच हजार रुपये इनके पास अलग से थे। रुपये बैग में रखने के बाद उन्होंने उसे साइकिल के पीछे कैरियर में दबा दिया और वार्ड नंबर पांच गांधी नगर स्थित पोस्टआफिस के लिए रवाना हो गए। थोड़ी दूर पहुंचे कि पीछे से एक बाइक पर आए दो बदमाशों में एक ने साइकिल के कैरियर में दबाकर रखा रुपयों से भरा बैग निकाल लिया व फरार हो गए। शिक्षक के शोर मचाने पर कस्बे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सीओ लालगंज और एसओ मेंहनगर मौके पर पहुंचे। पुलिस बैंक के सीसीटीवी का फुटेज खंगाला पर कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन घटना स्थल के पास के घर में लगे सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों का पता चला है। सीओ लालगंज अजय कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है।