कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के जेहरा पिपरी गांव में स्थित उपकार नर्सिंग होम के डाक्टर की लापरवाही से एक प्रसूता की मौत हो गई। मंगलवार की शाम महिला की मौत होने से नाराज परिवार के लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मामले को शांत कराते हुए महिला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। पति की तहरीर के आधार पर डाक्टर के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
कमला देवी (24) पत्नी पवन कुमार अतरौलिया थाना क्षेत्र के दसांवखास गांव की रहने वाली थी। कमला का पहले से दो वर्ष का बेटा है। 16 अप्रैल को प्रसव पीड़ा होने पर परिवार के लोग उसे कप्तानगंज थाना क्षेत्र के जेहरा पिपरी गांव में स्थित उपकार नर्सिंग होम में भर्ती कराया। 17 अप्रैल की सुबह ऑपरेशन से उसने एक बेटी को जन्म दिया। पति का आरोप है कि ऑपरेशन के पास कमला को अधिक रक्तस्राव हो रहा था। शाम को अचानक उसकी तबियत ज्यादा खराब होने पर डाक्टर ने कहा कि और रुपये की व्यवस्था करके आइए और कमला को किसी अन्य बड़े अस्पताल में भर्ती कराइए, या फिर जिला अस्पताल ले जाइए। शाम को परिवार के लोग कमला को जिला मुख्यालय ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिवार के लोग कमला की लाश लेकर अस्पताल पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। पुलिस मामले को शांत कराते हुए कमला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। सीओ बूढनपुर रामजन्म ने बताया कि कमला के पति पवन की तहरीर के आधार पर नर्सिंग होम संचालक डा. घनश्याम विश्वकर्मा के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।