जहानागंज। थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में बुधवार की रात में संदिग्ध बीमारी से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। महज दो घंटे के भीतर दोनों भाई बीमार हुए और इनकी मौत हो गई। इससे घर में जहां कोहराम मचा है वहीं गांव के लोग सकते में हैं कि कहीं कोई गंभीर बीमारी तो नहीं पांव पसार रही है। घर वालों ने दोनों भाईयों का अंतिम संस्कार कर दिया।
जहानागंज थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव निवासी लक्ष्मी मौर्य सब्जी की खेती कर बेचता है। बुधवार की रात लक्ष्मी अपने परिवार के साथ घर में सोया हुआ था। बुधवार की रात करीब दो बजे लक्ष्मी का चार वर्षीय बेटा सुमित उठा और रोने लगा। पूछने पर बताया कि उसके पेट में तेज दर्द हो रहा। बेटे की तबियत खराब होने पर लक्ष्मी की पत्नी झूना देवी पानी गरम करने लगी। इसी बीच उसका छह माह का बेटा भी रोने लगा। लक्ष्मी गांव वालों की मदद से अपने दोनों बच्चों को स्थानीय डाक्टर के यहां ले गया। जहां परीक्षण कर डाक्टर ने दोनों भाईयों को मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मी के चार बेटे थे। मरने वाले दोनों सबसे छोटे थे।