अहरौला। थाना क्षेत्र के पश्चिम पट्टी गांव में मंगलवार की रात सोते समय मनबढ़ों के हमले से घायल हुए अधेड़ कन्हैया मौर्य की इलाज के दौरान बुधवार की रात वाराणसी के अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने उसकी लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। मौके से खून से सनी एक हाकी बरामद हुई है। कन्हैया के शरीर पर त्रिशूल जैसे धारदार हथियार से चोट के निशान थे। कन्हैया के बेटे दिनेश ने गांव के चार लोगों के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पश्चिम पट्टी गांव निवासी कन्हैया मौर्या (55) दो भाइयों में बड़ा और तीन बेटों का पिता था। वह घर पर रहकर खेतीबारी करता था। कन्हैया का घर से करीब पांच सौ मीटर दूर पर ट्यूबवेल है। जहां वह रात को सोता था और सब्जी की खेती की रखवाली करता था। मंगलवार की रात को कन्हैया अपने ट्यूबवेल पर सोया हुआ था। रात करीब एक बजे कन्हैया का छोटा भाई खेत में पानी देने के लिए ट्यूबवेल चलाने पहुंचा। इस दौरान कन्हैया बिस्तर पर खून से लतपथ बेहोशी हाल में पड़ा हुआ था। परिवार के लोग उसे सीेएचसी फूलपुर में भर्ती कराए। हालत गंभीर देख डाक्टर ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान बुधवार की रात उसकी मौत हो गई। वाराणसी पुलिस ने कन्हैया की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। उधर गुरुवार को कन्हैया के मौत की सूचना पर सीओ बूढनपुर और अहरौला थाने की पुलिस गांव पहुंची। मौका मुआयना के दौरान ट्यूबवेल से खून से सनी एक हाकी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान पता चला कि कन्हैया के शरीर पर त्रिशूल जैसे धारदार हथियार के कई निशान थे। मरने से पहले कन्हैया ने अपने बेटे दिनेश को आरोपियों का नाम बताया था। जिसके आधार पर दिनेश ने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी। सीओ बूढनपुर रामजन्म ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।