आजमगढ़। ठेकमा विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पसिका के एक सहायक अध्यापक द्वारा एनपीआरसी के खाते से अनियमित तरीके से 65 हजार रुपये निकालकर गबन करने का मामला प्रकाश में आया है। जिस पर कार्रवाई करते ह़ुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवी सहाय तिवारी ने उक्त सहायक अध्यापक को निलंबित करते हुए इसकी जांच खंड विकास अधिकारी महेंद्र प्रसाद को सौंपी है।
खंड शिक्षा अधिकारी ठेकमा को जारी पत्र में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि ठेकमा विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पसिका में तैनात सहायक अध्यापक प्रेम नरायन सिंह द्वारा एनपीआरसी के खाते से अनियमित तरीके से 65 हजार रुपये निकालकर गबन किया गया है। इसकी जानकारी होने पर उन्हें निकाले गए धन को वापस जमा करने का निर्देश दिया गया। लेकिन सहायक अध्यापक ने एनपीआरसी के खाते से निकाला पैसा जमा नहीं किया। जिसके कारण उन्हें निलंबित किया गया। साथ ही उन्हें पूर्व माध्यमिक विद्यालय जाफरपुर पल्हनी से संबद्घ किया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने उक्त मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपते हुए 15 दिन में जांच आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर जांच में सहायक अध्यापक दोषी पाए जाते हैं तो उनके विरुद्घ एफआईआर भी दर्ज कराएं।