पवई/अंबारी। पवई थाना क्षेत्र के ओरिल गांव में स्थित एक मोबाइल टावर के गार्ड की शनिवार की रात करेंट लगने से मौत हो गई। वह मोबाइल का नेटवर्क बैठने पर ट्रांसफार्मर से तार जोड़ रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घर वालों को सूचना देकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
बिहार के बक्सर जिले के डुमराव थाना क्षेत्र के गंदौली गांव निवासी रामजीत यादव (25 पुत्र शिवपरसन बीते दो वर्ष से पवई थाना क्षेत्र के ओरिल गांव में स्थित एक प्राइवेट कंपनी के मोबाइल टावर पर गार्ड था। शनिवार की रात रामजीत ओरिल बाजार में हो रही रामलीला को देखने गया हुआ था। रात करीब साढ़े दस बजे अचानक मोबाइलों का नेटवर्क बैठने लगा। इस पर रामजीत टावर पर पहुंचा। वहां रामजीत बिना बिजली विभाग को बताए विद्युत पोल पर चढ़कर ट्रांसफार्मर का तार जोड़ने लगा। इस दौरान करेंट लगने से वह झुलस गया। मोबाइल नेटवर्क बिलकुल बैठ जाने पर अन्य मोबाइल कंपनी के गार्ड रामजीत के टावर पर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। उन सभी ने पवई थाने की पुलिस को सूचना दी। रात को ही पुलिस रामजीत के घर सूचना देकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामजीत इकलौता पुत्र था। उसकी शादी नहीं हुई थी।