आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के खेमीपुर पुल के पास शनिवार की सुबह हत्याकर फेंकी हुई युवक की लाश की शिनाख्त दूसरे दिन रविवार को हो गई। सूचना पर अतरौलिया थाने पहुंची उसकी पत्नी और बेटे ने लाश की पहचान की। मृतक अतरौलिया पुरवा गांव निवासी वीरेंद्र यादव है। लाश की शिनाख्त होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। सीओ फूलपुर रविशंकर प्रसाद के मुताबिक फैजाबाद-शाहगंज मुख्य मार्ग पर स्थित पवई थाना क्षेत्र के खेमीपुर गांव के पास शनिवार की सुबह हत्याकर फेंकी हुई युवक की लाश मिली थी। रविवार को अतरौलिया पुरवा निवासी संगीता यादव अपने बेटे और परिवारवालों के साथ अतरौलिया थाने पहुंची। तस्वीर के आधार पर लाश की पहचान अपने पति वीरेंद्र यादव के रुप में की। संगीता के मुताबिक उसके पति वीरेंद्र ट्रक चलवाते थे। चार जनवरी को वह ट्रक खरीदने के सिलसिले में ही जौनपुर जिले के शाहगंज बाजार गए हुए थे। देर शाम को फोन कर बताया कि एक दोस्तों के साथ पार्टी में भोजन करने के बाद घर आऊंगा। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। वीरेंद्र यादव तीन बेटा और तीन बेटियों के पिता और दो भाईयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई कोलकाता में रहता है। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वीरेंद्र का चालक पुुलिस के कब्जे में है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वीरेंद्र ने ही फोन कर कहा था कि एक आदमी भेज रहा हूं, उसे ट्रक दे देना। ऐसे में शक है कि वीरेंद्र की हत्या कहीं लेनदेन के विवाद में तो नहीं हुई है। पुलिस हर पहलुओं पर गौर करते हुए जांच कर रही है। वीरेंद्र के मोबाइल का काल डिटेल भी खंगाला जा रहा।