बबुरी। थाना अंतर्गत गौरी गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित विकास कुमार बिंद और उसके पिता श्रीनरायन बिंद को रविवार की सुबह लेवा तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। उधर, युवक की मौत के बाद गांव में दूसरे दिन भी तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात रही। दीपक के पिता ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
शनिवार को गौरी गांव में खेल के मामूली विवाद के बाद पिता पुत्र ने मिलकर दीपक कुमार बिंद (18) की पिटाई कर दी थी। परिवार वालों ने उसे चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। यहां उसकी मौत हो गई। चर्चा यह भी रही कि आशनाई के चक्कर में भी पहले से विवाद चल रहा था। इस मामले में दीपक के पिता रामलोचन बिंद ने थाने में विकास और उसके पिता श्रीनरायन के खिलाफ थाने में तहरीर दी। वहीं युवक की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स की तैनाती की गई।
पुलिस की खोजबीन के दौरान रविवार की सुबह पता चला कि पिता-पुत्र कहीं भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस ने छापेमारी कर लेवा तिराहे के समीप से दोनों को गिरफ्तार कर लिया और चालान कर दिया। दीपक की मां और पिता का रो-रोकर हाल बेहाल है। रविवार को दीपक का शव पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया।