आजमगढ़। लालगंज तहसील क्षेत्र के हैबतपुर डुभांव गांव के तमाम लोग सोमवार को एसपी ग्रामीण से मिलकर जिलापूर्ति अधिकारी पर दलित उत्पीडन एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। गांव वालों की शिकायत पर एसपी ग्रामीण ने पूरे मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपते हुए रिपोर्ट मांगी है। उनका कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़ितों में शिवलाल कुमार, गोविंद कुमार, रवि कुमार आदि का नाम शामिल है। यह सभी लोग लालगंज तहसील क्षेत्र के हैबतपुर डुभांव गांव के निवासी हैं। गांव वालों के मुताबिक 21 अगस्त को डीएसओ ने उनके गांव के कोटे की दुकान को निलंबित कर दिया। जिलापूर्ति अधिकारी की तरफ से जारी आदेश में हरिजन बस्ती का प्रयोग कर पूरी अनुसूचित बस्ती व पूरी जाति को अपमानित व भावनाएं आहत करने का कार्य किया है। जबकि माननीय उच्चतम न्यायालय, भारत सरकार और प्रदेश सरकार द्वारा कई वर्ष पहले ही हरिजन शब्द के प्रयोग पर पूरी तहह से प्रतिबंध लगा दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि नौ अगस्त को कोटेदार के विरुद्ध जांच के लिए गांव के सरकारी स्कूल और ग्राम प्रधान बेचू राम के दरवाजे पर बैठक हुई, लेकिन डीएसओ जानबूझकर लोगों की भावना आहत करने के लिए अपने आदेश में हरिजन बस्ती शब्द का प्रयोग किया है। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच सीओसिटी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।