आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के अक्षयबट गांव निवासी ईंट-भट्ठा संचालक गजधर यादव से उनके गांव का ही एक बदमाश रंगदारी मांग रहा है। रुपये न देने पर जान मारने की धमकी दे रहा। थाने की पुलिस कार्रवाई करने की बजाय अपराधी को थाने में बैठाकर उसे शह दे रही है। बुधवार को कुछ इस तरह की शिकायत करते हुए ईंट भट्ठा संचालक ने एसपी ग्रामीण से शिकायत की।
पीड़ित गजधर यादव की तरफ से की गई शिकायत के मुताबिक उसके गांव का रहने वाला एक बदमाश एक सप्ताह पूर्व उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये देने से इंकार करने पर रकम कम करते हुए 50 हजार रुपये तक देने की बात कही। गजधर के रंगदारी देने से इंकार कर दिया तो बदमाश ने जान मारने की धमकी दी है। ईंट भट्ठा संचालक का आरोप है कि बदमाश अपने आप को उनके भट्ठे का मुनीम बता रहा है। जबकि वह उसके भट्ठे पर कभी भी मुनीम नहीं रहा है। वह पुलिस को भ्रमित करने के लिए यह बात कह रहा। ईंट भट्ठा संचालक का आरोप है कि वर्ष 2012 में बदमाश रंगदारी न देने पर उसके ऊपर जानलेवा हमला कर चुका है। भट्ठा पर मौजूद मजदूरों आदि की वजह से उसकी जान बची है। पीड़ित ने महराजगंज थाने की पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। ईंट भट्ठा संचालक की बात सुनने के बाद एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने एसओ महराजगंज को कार्रवाई का निर्देश दिया। इस संबंध में संपर्क करने पर एसओ महराजगंज विवेक यादव ने कहा कि बदमाश रंगदारी नहीं बल्कि अपने पिता द्वारा दिया गया उधार रुपये मांग रहा है। दोनों पक्षों को गुरुवार को थाने पर बुलाया गया है।