लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के चिलबिली दान चिलबिली गांव निवासी त्रिभुवन पटेल के खेत में हत्याकर फेंकी मिली युवती की लाश की पहचान पुलिस दूसरे दिन बुधवार की शाम तक नहीं करा सकी। शिनाख्त कराने के लिए पुलिस आसपास के जिलों के थानों में जाकर रिकार्ड खंगाल रही है। बुधवार को उसका पोस्टमार्टम कराया गया। डीएनए टेस्ट कराने के लिए भी सेंपल लिया गया। बता दें कि चिलबिली दान चिलबिली गांव निवासी सुशीला देवी मंगलवार की सुबह गोबर फेंकने के लिए सिवान में गई थी। इस दौरान उसने गन्ने के खेत में हत्या कर युवती की लाश देखने के बाद लोगों को बताया तो जानकारी हुई। 20 वर्षीय युवती की पहचान पुलिस दूसरे दिन भी नहीं करा सकी। घटना के समय ली गई तस्वीर को सोशल साइटों पर सार्वजनिक किया गया है। इसके अलावा शिनाख्त के लिए एसपी रविशंकर छवि की तरफ से चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस उसकी तस्वीर लेकर आसपास के जिलों की पुलिस से भी मिलकर उनकी मदद ले रही है। बुधवार को युवती का पोस्टमार्टम करा दिया गया। पुलिस आरोपियों को पकड़कर उसे सजा के अंजाम तक पहुंचाने के लिए डीएनए टेस्ट कराने के लिए सेंपल ली है। जल्द ही इसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजवाया जाएगा। उधर बुधवार को अंजान शहीद बाजार के पास से एक लावारिश स्कूटी बरामद की है। हालांकि यह किसी है। इसका पता लगाया जा रहा। सच जानने के लिए पुलिस की एक टीम इलाहाबाद भी गई हुई है। सही जानकारी पुलिसवालों के आने के बाद हो सकेगी। बता दें कि चार दिन पूर्व मेंहनगर थाना क्षेत्र में भी हत्याकर नहर में फेंकी हुई युवती की लाश मिली थी। हालांकि अभी तक इसकी भी पहचान नहीं हो सकी है। सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह ने बताया कि पुलिस शव की पहचान और गुत्थी सुलझाने में लगी हुई है। कुल चार टीमें गठित की गई हैं। जो अपने-अपने तरीके से जांच पड़ताल कर रही हैं।