आजमगढ़। एक संदिग्ध के पकड़े जाने और तीन के फरार होने से पुलिस महकमे में दिन भर हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। खासतौर से रानी की सराय चेकपोस्ट से फूलपुर तक दिन भर पुलिस, एसओजी और आईबी की गाड़ियां दौड़ती रहीं। शहर के पुरानी कोतवाली क्षेत्र में एक संदिग्ध मुरादाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर पीपलसना गांव निवासी मो. नईम पुत्र मियां जान को स्थानीय लोगों ने उसके संदिग्ध हरकत के आधार पर बुधवार को पकड़ा था। लेकिन उसके तीन साथी अलग अलग क्षेत्रों में फरार हो गए थे। पकड़े गए संदिग्ध से जहां शहर कोतवाली में पूछताछ चल रही थी तो वहीं फरार हुए तीन संदिग्धों की तलाश में पुलिस महकमा जुटा रहा। वैसे तो सभी थानों को पुलिस महकमे ने अलर्ट कर दिया था लेकिन रानी की सराय चेकपोस्ट से फूलपुर के बीच एसओजी, आईबी व विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स दिन भी चक्रमण करती रही। देर शाम तक पुलिस फरार तीनों युवकों के बारे में पता नहीं लगा सकी।