बूढ़नपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर चौक पर रविवार की दोपहर रोडवेज की अनियंत्रित बस से कुचलकर युवक की मौत हो गई। वह बस पकड़ने के लिए सड़क पार कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
मृत युवक संतराज (25) पुत्र रामदुलार महराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा हरखपुरा गांव का निवासी था। वह दिल्ली में रहकर नौकरी करता था। संतराज अपनी पत्नी सुनीला देवी के साथ घर लौट रहा था। वह अकबरपुर से कप्तानगंज बाजार आने के लिए रोडवेज की बस में सवार हुआ। बस जैसे ही बूढ़नपुर चौक पर पहुंची कि वहां ढाबे पर खड़ी हो गई। इस दौरान संतराज की पत्नी बस में बैठी रही। जबकि वह पानी लेने के लिए नीचे उतर गया। संतराज पानी लेकर बस पकड़ने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी बीच उधर से गुजरी रोडवेज की अनियंत्रित बस ने उसे कुचल दिया। लोग जब तक संतराज को अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि उसकी मौत हो गई। संतराज की शादी सुनीला से 17 जून 2017 में हुई थी।