सठियांव। शरद कालीन गन्ने की बुआई के लिए शनिवार को दि किसान सहकारी चीनी मिल सठियांव में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने किसानों केे ट्रेंच विधि से गन्ने की खेती कर दोहरा लाभ लेने की बात कही।
मिल के प्रधान प्रबंधक वीके अबरोल ने किसानों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि मिल की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए गेट के किसानों को समृद्ध बनाना होगा। ट्रेंच विधि से खेती और सिंचाई के साथ में सह फसल से कृषकों को दोहरा लाभ मिलेगा और पानी की बचत भी होगी। मिल के उप सभापति पराग यादव ने कहा कि मिल में सप्लाई पर्ची से गन्ने की बुवाई से संबंधित सरकारी अनुदान पर मिलने वाले यंत्र में किसी प्रकार की समस्या है तो तत्काल बता दें निस्तारण होगा। गन्ना कृषक रामअवध यादव ने कहा कि गन्ने की पैदावार बढ़ाने के लिए शासन प्रशासन द्वारा कई तरह की योजनाए संचालित हो रही हैं। लेकिन साड़, भैंसा और नीलगाय के कारण अधिकतर किसान खेती कम करते जा रहे हैं। मिल प्रबंधक से मांग किया कि तार पिंसिल की व्यवस्था कराएं। जिला मुख्य गन्ना अधिकारी साहब लाल यादव ने बताया कि शासन की ओर से गन्ना किसानों के हित में घटतौली रोकने के लिए एक दर्जन ऐसी योजनाएं लागू हैं जिसमें मिल गेट पर तौल के लिए लगाए गए कम्प्यूटराइज्ड कांटों में जिस साफ्टवेयर का प्रयोग होगा उसकी सी डी गन्ना निरीक्षक और सहायक चीनी आयुक्त के पास मौजूद होगी। अध्यक्षता वृजनाथ सिंह और संचालन एसके श्रीवास ने किया। इस मौके पर कृषि वैज्ञानिक डा. कुबेर यादव, अशोक वर्मा ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक, बीरेंद्र सिंह, जयप्रकाश पांडेय, रणधीर सिंह, कवलधारी राम, सीताराम यादव आदि उपस्थित थे।
इनसेट:
पांच समितियों को मिलेगी केन हार्वेस्टर मशीन
सठियांव। दि किसान सहकारी चीनी मिल सठियांव की पांच समितियों में गन्ना किसानों की सुविधा के लिए जल्द ही केन हारवेस्टर मशीन शासन की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। मिल के प्रधान प्रबंधक वीके अबरोल के विशेष आग्रह पर जनपद के कृषकों की गन्ने के प्रति बढ़ती रूचि पर ऐसा संभव हुआ है। सठियांव मिल में गन्ना सप्लाई करने वाले किसानों को अब गन्ने की कटाई और उसको छिलने के लेबर या स्वयं मेहनत नहीं करनी होगी। मिल की पांच समितियों सठियांव, बूढ़नपुर, शाहगंज, नंदगंज और चंदौली में एक-एक केन हारवेस्टर मशीन मिलेगी। जो कम किराए पर किसानों का ट्रेंच विधि द्वारा उगाया गन्ना काट छिल कर कम समय में उपलब्ध करा देगी।