बूढनपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के छपरा भीलमपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में सोमवार की रात मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर घुसे चोर 20 हजार रुपये नगदी सहित दस लाख रुपये मूल्य का आभूषण और सामान चुरा लिया।
मंगलवार की सुबह पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित जगरनाथ सिंह अतरौलिया थाना क्षेत्र के छपरा भीलमपुर गांव के निवासी हैं। सोमवार की रात परिवार के सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरे में जाकर सो गए। मुख्य गेट के बगल वाले कमरे में जगरनाथ की पत्नी सोई थी।
रात को सुनसान माहौल पाकर चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर घुसे और जगरनाथ की पत्नी जिस कमरे में सोई थी। उसकी कुंडी बाहर से बंद कर दिया।
इसके बाद चोर कमरों में घुसकर 20 हजार रुपये नगदी सहित दस लाख रुपये मूल्य का आभूषण और कीमती सामान चुरा लिया। चोरी गए आभूषणों में एक सोने का हार, आठ अंगूठी, चार मंगलसूत्र, छह चेन, आठ कंगन आदि शामिल है।
मंगलवार की सुबह परिवार की महिलाएं जगी और कमरे में बिखरे सामान देखने के बाद शोर मचाने लगी। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सीओ बूढनपुर और एसओ अतरौलिया मौके पर पहुंचे।
पुलिस मौका मुआयना कर वापस लौट गई। घटना के संबंध में जगरनाथ ने थाने में तहरीर दी। सीओ बूढनपुर श्यामनरायण ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कंप्यूटर की दुकान से 90 हजार की चोरी
अंबारी। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के पलिया बाजार में सोमवार की रात एक कंप्यूटर की दुकान से दस हजार रुपये नगदी सहित 90 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी हो गया। मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित राकेश चौहान फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के पलिया माफी गांव का निवासी है। वह गांव के बाजार में कंप्यूटर की दुकान है। सोमवार की रात बाजार का सुनसान माहौल पाकर चोर दूकान का ताला तोड़कर भीतर घुसे और दस हजार रुपये नगदी सहित 90 हजार रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया।
जिसमें प्रिंटर, फोटो प्रिंटर, बैट्री, इनवर्टन, स्कैनर, कैमरा आदि शामिल है। बता दें कि 27 जुलाई 2017 को भी राकेश के साथ छिनैती की घटना हुई थी। जिसमें फूलपुर कोतवाली में केस भी दर्ज है। लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं किया। सोमवार की रात राकेश की दूकान से दोबारा चोरी होने की घटना से लोगों में आक्रोश है।