गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव में शनिवार सुबह सऊदी अरब से चंद्रिका यादव उर्फ राजेश यादव (40) का शव पैतृक घर पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया।
वह सऊदी अरब के रियाद में रहकर क्रेन चालक का काम करते थे। 12 सितंबर की शाम वह रोज की तरह ड्यूटी से लौटे थे। खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए। इसी दौरान सोते समय अचानक उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन शव को भारत लाने के लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कराने में जुट गए।
शव को हवाई मार्ग से दिल्ली लाया गया। इसके बाद सड़क मार्ग से शनिवार सुबह शव सिंघड़ा स्थित पैतृक आवास पहुंचा। शव घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। पत्नी रेनू यादव, मां लालती यादव और बच्चों के विलाप से हर किसी की आंखें नम हो गईं। चंद्रिका यादव दो भाइयों में बड़े थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र सक्षम और किशन व दो पुत्रियां सेजल और साक्षी हैं।