पहाड़पुर स्थित श्रीकृष्ण गौशाला परिसर में गुरुवार को श्रीकृष्ण गोपाष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान लोगों ने गौ-माता का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं हरिहरपुर घराने के कलाकारों ने मधुर भजनों से लोगों का मन मोह लिया।
गौशाला परिसर में गोपाष्टमी पर्व के लिए सुबह से ही लोग तैयारियों में जुटे थे। सर्वप्रथम नगरपालिका अध्यक्ष इंदिरा जायसवाल सहित अन्य ने गौ-माता का विधि-विधान से पूजन किया।
इसके बाद उपस्थित लोगों में गुड़, फल, मिष्ठान आदि का वितरण किया। विजय शंकर ने गौ-माता की महत्ता के बारे में बताते हुए कहा कि गौ-माता के शरीर में सभी देवगण निवास करते हैं और गौ-माता के पैरंो में सभी तीर्थ निवास करते हैं।
जहां पर गौ-माता रहती हैं, उस स्थान को तीर्थ भूमि कहते हैं। वहीं, हरिहरपुर घराने के शीतला प्रसाद और मोहन सहित साथियों ने सुमधुर भजनों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से सभी को भक्ति रस सागर में गोता लगाने को मजबूर कर दिया।
इस मौके पर बनवारी लाल जालान, अभिषेक जायसवाल, कैलाश, मनोज खेतान, इंद्रभूषण अग्रवाल, अनुप अग्रवाल, सुदर्शन अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, मनोज बर्नवाल आदि उपस्थित थे।