करंट लगने से गाय की मौत, मुआवजे की मांग
ठेकमा। बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से खंभे में उतर रहे करंट की चपेट में आने से कम्मरपुर में गांव के ही एक व्यक्ति की गाय की मौत हो गई। पीड़ित पशुपालक ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
पीड़ित रामसुख यादव ने बताया कि मेरी रोजी-रोटी का एक यही आधार था। उक्त गाय के दूध को बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण मेरी गाय की खंभे में उतर रहे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पीड़ित ने बताया कि कई दिनों से बिजली के खंभे में लगा बॉक्स खुला था। इसकी शिकायत गांव के लोगों ने कई बार अधिकारियों और कर्मचारियों से की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। गांव के प्रधानपति राजपति यादव और अरविंद कुमार सरोज ने कहा कि रामसुख यादव बहुत ही गरीब हैं। उन्होंने रामसुख को आर्थिक मदद देने के साथ ही बिजली विभाग से मुआवजा दिए जाने की मांग की है।