पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, हरियाणा और गुजरात में कर चुका है ठगी
पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, हरियाणा और गुजरात समेत कई राज्यों में करीब तीन करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को चंडीगढ़ पुलिस ने आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और लोगों को झांसा देकर उनसे बड़ी रकम अपने खातों में ट्रांसफर कराता था। चंडीगढ़ पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न राज्यों के लोगों को फोन और इंटरनेट के माध्यम से झांसे में लेकर ठगी करता था।
जांच में सामने आया है कि उसने पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, हरियाणा और गुजरात में कई लोगों से करीब तीन करोड़ रुपये की साइबर ठगी की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी के पूरे नेटवर्क और गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक किन-किन लोगों को आरोपी ने अपना शिकार बनाया है।
चंडीगढ़ में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 38 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी आजमगढ़ से की गई है। आरोपी ने खुद को मुंबई पुलिस और सीबीआई अधिकारी बताकर दंपती को वीडियो कॉल पर डराया और मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। चंडीगढ़ पुलिस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से रिमांड मिलने के बाद उसे अपने साथ ले गई। - मधुबन कुमार सिंह, एसपी सिटी आजमगढ़।