आजमगढ़। जनपद की नवगठित नगर पंचायत माहुल में बड़े पैमाने पर लोगों से प्रधानमंत्री आवास के नाम पर सभासदों द्वारा 40 हजार तक वसूली करने का मामला प्रकाश में आया है। सोमवार को 20 से 25 लोग डीएम से इसकी शिकायत करने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम ने पीओ डूडा को उनका बयान शपथ पत्र पर लेकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिए। इसके बाद उनके बयान दर्ज कराए गए।
नगर पंचायत माहुल के कुछ लोग प्रधानमंत्री आवास के नाम पर सभासदों द्वारा पैसा वसूलने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत करने पहुंचे। डीएम ने पीओ डूडा को बुलाकर तत्काल उन लोगों को बयान दर्ज करने का आदेश दिया। पीओ डूडा अरविंद कुमार पांडेय ने कलेक्ट्रेट परिसर में ही सभी शिकायतकर्ताओं का बयान दर्ज किया। इसके बाद उन्होंने शिकायतकर्ताओं के बयान से डीएम को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आवास के नाम पर लाभार्थियों से 15 हजार से लेकर 40 हजार रुपये तक वसूले गए। डीएम ने पीओ डूडा से कहा कि अगर शिकायतकर्ता शपथ पत्र पर अपने आरोप लिखकर देने को तैयार हैं तो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। पीओ डूडा ने सभी शिकायतकर्ताओं को शपथ पत्र पर अपना बयान देने का निर्देश दिए।
हमारे मुहल्ले के सभासद द्वारा प्रधानमंत्री आवास के नाम 15000 रुपये लिए गए। यह पैसे हमसे किश्तों में लिए गए। - रामदर्शन।
हमसे ग्राम प्रधान द्वारा प्रधानमंत्री आवास के नाम पर 1000 रुपये लिए गए, लेकिन अभी तक आवास उपलब्ध नहीं कराया गया। - संगीता।
हमारे नाम पर प्रधानमंत्री आवास का चेक भी बन गया था। पैसे की मांग की गई, लेकिन जब हमने पैसा नहीं दिया तो उसे कटवा दिया गया। - घनश्याम।
प्रधानमंत्री आवास के लिए ग्राम प्रधान द्वारा हमसे एक बार 10000 रुपये लिए और फिर दोबारा 5000 रुपये लिए गए, लेकिन आवास नहीं मिला। - परमा देवी।
--
अभी शिकायतकर्ताओं की ओर से शपथ पत्र नहीं दिया गया है। एक-दो दिन में माहुल जाकर शिकायत की जांच करेंगे। देखेंगे उनकी क्या स्थिति हैं। जिन लोगों से पैसा लिया गया है, उनका पैसा वापस कराया जाएगा। साथ ही मौके पर ही इन लोगों से शपथ पत्र लेकर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। - अरविंद कुमार पांडेय, पीओ डूडा।