आजमगढ़। जिले में कोरोना संदिग्धों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को यह आंकड़ा एक हजार के पास पहुंच गया। वहीं मंगलवार को 16 नए कोरोना संदिग्धों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। सोमवार की देर रात 136 सैंपलों की रिपोर्ट आई और सभी निगेटिव रही।
सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि मंगलवार की शाम तक जिले से जांच के लिए भेजे गए कोरोना संदिग्धों के सैंपलों की कुल संख्या 1013 हो गई है। मंगलवार को कुल 16 नये सैंपल जांच में भेजे गये है। मंगलवार को कोई नई रिपोर्ट नहीं आई है लेकिन सोमवार की देर रात 46 सैंपलों की रिपोर्ट आई थी जो सभी निगेटिव रही। उन्होंने बताया कि अब तक 920 सैंपलों की रिपोर्ट आ चुकी है जिसमें 912 रिपोर्ट निगेटिव व आठ की रिपोर्ट पॉजिटिव है। इन आठ पॉजिटिव में चार की दूसरी व तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आ जाने के चलते यह ठीक हो चुके हैं और अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वहीं दो की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। तीसरा सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। दो अन्य पॉजिटिव मरीजों का दूसरा सैंपल जल्द जांच के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी 93 सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
शहर के 31 सैंपलों की रिपोर्ट आई निगेटिव
आजमगढ़। जिला प्रशासन ने शहर में भी डोर टू डोर सर्वे कराया था। इस सर्वे में चिह्नित किए गए लोगों के सैंपल भी जांच के लिए भेज गए हैं। सोमवार की रात जो 46 सैंपलों की रिपोर्ट आई है उसमें शहर के 31 सैंपलों के रिपोर्ट भी शामिल है। डीएम ने बताया कि शहर के अब तक आए सभी सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। यह शहर वासियों के लिए राहत की बात है। कुछ सैंपलों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है जो आज या कल तक आ जाएगी।