लालगंज के जियापुर में कोरोना संक्रमित मिलने पर गांव को सील करते अधिकारी।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। लालगंज तहसील क्षेत्र के गांव जियापुर दक्षिणी में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद इसे कंटेंमेंट एरिया घोषित कर दिया गया है। इस एरिया में छह से सात गांव आ रहे हैं। डब्ल्यूएचओ की टीम की ओर से इसका सर्वे भी शुरू कर दिया गया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी तैयार की जा रही है। उक्त गांवों में डोर टू डोर सर्वे कर सभी की स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही लक्षण के आधार पर संदिग्ध लोगों को चिह्नित किया जाएगा। उधर, संक्रमित व्यक्ति को सैंपलिंग के बाद होम क्वारंटीन कर दिया गया था। इससे स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ी हुई है। कांटैक्ट हिस्ट्री तलाशने में उन्हें परेशानी हो सकती है क्योंकि घर पर रहने से संक्रमित व्यक्ति कई लोगों के संपर्क में आया होगा।
सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति समेत अन्य लोग बाइक से मुंबई से आए थे। ये नौ मई को पीएचसी तरवां पहुंचे थे। वहां से सैंपलिंग के लिए इन्हें जिला अस्पताल भेजा गया था। चूंकि इन्हें सिर्फ हल्के जुकाम और खराश की शिकायत थी जिला अस्पताल ने उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया। अब इनमें से एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। घर पर रहने से उसकी कांटैक्ट हिस्ट्री लंबी हो सकती है। इसकी जांच की जा रही है। इसके साथ ही सात और गांवों में स्क्रीनिंग की जाएगी।
लालगंज के जियापुर में कोरोना संक्रमित मिलने पर उस आइसोलेशन के लिए मेडिकल कालेज ले जाती एंबुलेंस?- फोटो : AZAMGARH