नोडल अधिकारी द्वितीय डॉ. नियाज हसन ने बताया कि मूल रूप से बलिया जनपद के निवासी एवं कप्तानगंज थाने में तैनात 55 वर्षीय कांस्टेबल की दुर्घटना में उनके सिर में गंभीर चोट आ गई थी। उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में हो रहा था। कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में छह अगस्त की शाम राजकीय मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया था।
सोमवार की शाम 7.15 बजे उनकी मौत हो गई। वहीं, अतरौलिया क्षेत्र के हरदिया निवासी कोरोना संक्रमित 45 वर्षीय को गंभीर अवस्था में सोमवार की शाम आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान शाम 7.30 बजे उनकी मौत हो गई। डॉ. नियाज हसन ने बताया कि इसकी सूचना मंडलायुक्त, डीएम, एसपी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दे दी गई है। जनपद में कोरोना से अभी तक 32 लोगों की मौत हुई है।
सरायमीर के ठठेरी बाजार निवासी एक महिला (41) की भी रविवार को लखनऊ में मौत हो गई है। पांच अगस्त को लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हुई ट्रूनॉट मशीन से हुई जांच में उसमें कोरोना संक्रमण की पुष्टी हुई थी। वहीं, उनका इलाज भी चल रहा था।
उसी दिन लिए गए सैंपल की अगले दिन आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट आई तो निगेटिव रही। महिला का शव सोमवार देर शाम घर पहुंचने वाला था। स्वास्थ्य विभाग का कहना था कि आरटी-पीसीआर जांच को ही प्रभावी माना जाएगा।