आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के करनेहुआ हरिजन बस्ती में 11 हजार लाइन का फाल्ट ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आकर संविदा लाइन मैन झुलस गया। उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवखरी दरौरा गांव निवासी राजनरायन दुबे (58) बिजली विभाग में बतौर संविदा लाइन मैन तैनात है। उनकी ड्यूटी भंवरनाथ सबस्टेशन पर है। भंवरनाथ फीडर के 11 हजार लाइन में मंगलवार की रात फाल्ट हो गई। जिसके चलते रात लगभग सात बजे राजनरायन करनेहुआ हरिजन बस्ती फाल्ट ठीक करने के लिए पहुंचा। पोल पर चढ़ने के पूर्व उसने एसएसओ नागेंद्र चौहान से शटडाउन भी लिया। जैसे ही वह पोल पर चढ़े करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गये। सूचना के बाद भी विभागीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले कर गए जहां देर रात डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उन्हें रेफर कर दिया। जिस पर परिजन उन्हें इलाज के लिए शहर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के बेटे अनिल दुबे ने एसएसओ नागेंद्र पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस बाबत उसने थाने पर तहरीर भी दिया है। वहीं घटना के बाद से अब तक विभागीय अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने पर ग्रामीण आक्रोशित है।