आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के पास मंगलवार को ट्रक व आटो की टक्कर में घायल आटो सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मां की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के समय मां-बेटा आटो से कहीं जा रहे थे। सूचना पर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीरपुर थाना के गौरी गांव निवासी रमेश (38) पुत्र राजेंद्र अपनी मां हिरौता देवी (60) को लेकर आटो से कहीं जा रहे थे। अभी वे रसूलपुर गांव के पास ही पहुंचे थे कि वाराणसी की तरफ से आ रहे ट्रक ने आटो में जोरदार टक्कर मार दिया। इस हादसे में आटो सवार मां-बेटा गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए पीएचसी मोहम्मदपुर भेजा। जहां से देर शाम दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात लगभग दो बजे रमेश की मौत हो गई। वहीं मां हिरौता की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। मृतक दो पुत्री व एक पुत्र का पिता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। सूचना पर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।