आजमगढ़। नगरपालिका द्वारा लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है। लेकिन वह अपने इस मकसद को पूरा नहीं कर पा रहा है। गर्मी में लीकेज से नगर क्षेत्र के हजारों घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। वहीं गिरजाघर चौराहे के पास लीकेज को लगभग एक माह से नपा के जलकल कर्मियों द्वारा बनाया जा रहा है।
गिरजाघर से दुर्गा टॉकीज तक दो लीकेज
आजमगढ़। नगर के गिरजाघर चौराहे से रैदोपुर जाने वाले मार्ग पर गिरजाघर से दुर्गा टॉकीज तक जाने वाले मार्ग पर दो स्थानों पर लीकेज है। यहां पर एक और लीकेज था जिसकी मरम्मत जल कल कर्मियों द्वारा कर दी गई है। एक लीकेज की मरम्मत लगभग एक माह से की जा रही है अब तक इस लीकेज को बंद नहीं किया गया है। जबकि इस लाइन से मड़या मुहल्ले के लगभग पांच से छह सौ घरों में पानी की आपूर्ति होती है। लीकेज के कारण लोगों के घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है।
सिधारी मऊ रोड पर लीकेज बना समस्या
आजमगढ़। नगर के सिधारी स्थित मऊ रोड पर महीनों से नगरपालिका की पाइप लाइन में लीकेज हैं। लोगों द्वारा इसकी शिकायत कई बार नगरपालिका में की गई लेकिन अब तक इस लीकेज की मरम्मत नहीं की गई। जिसके कारण लोग दूषित पानी पीने को विवश हैं। इस लीकेज से क्षेत्र की लगभग दो हजार की आबादी वाले घरों में इस लीकेज का दूषित पानी पहुंच रहा है। वहीं रोडवेज क्षेत्र में निवास करने वाले सात से अधिक घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है।
निर्वाचन कार्यालय और पुरानी एसपी आफिस के पास नाली में लीकेज
आजमगढ़। नगर के कलेक्ट्रेट क्षेत्र स्थित निर्वाचन कार्यालय के पास से होकर गुजरी नगरपालिका की पाइप लाइन में दो जगह रिसाव हो रहा है। निर्वाचन कार्यालय के पास हुए रिसाव की शिकायत तो कई बार नगरपालिका से हुई लेकिन अब तक इसे बंद नहीं किया गया। जबकि इसी पाइपलाइन से कई सरकारी कार्यालय भी जुड़े हैं जिनमें इनसे पानी जाता है।
मड़या के सुभाष बताया कि नगर के गिरजाघर चौराहे पर लगभग एक महीने से नपा द्वारा लीकेज को दुरुस्त किया जा रहा है। जलकल कर्मियों ने इसकी मरम्मत करने के बाद गड्ढ़ा खोदकर छोड़ दिया लेकिन अब तक इस लीकेज को बंद नहीं कर पाए हैं। इससे जुड़े सैकड़ों घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। वहीं दिनेश ने बताया कि रोडवेज पर आमजन के साथ ही यात्री भी यहीं पानी पीते हैं। कलेक्ट्रेट क्षेत्र अंबिकेश ने बताया कि निर्वाचन कार्यालय और पुराने एसपी आफिस के पास नाली में लीकेज से कारण दूषित पानी लोगों के घरों में पहुंच रहा है। शिकायत के बाद भी अब तक सुनवाई नहीं हुई। सिधारी ने ज्योति प्रकाश ने बताया कि सिधारी मोहल्ले में महीनों से लीकेज से सप्लाई का पानी सड़क पर बहता है। इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।
जलकल जेई को नगर क्षेत्र में जगह-जगह हुए लीकेज को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया था। लीकेज दुरुस्त क्यों नहीं हुआ जेई से बात कर उन्हें तत्काल बंद कराता हूं। - रोहित यादव, प्रभारी ईओ नगरपालिका।