फूलपुर। कस्बावासियों का वर्षों पुराना सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। नागा बाबा पोखरा के पास स्टोन संख्या 76/7 पर रेलवे द्वारा अंडरपास निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
अंडरपास बनने से 12 गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, और अब उन्हें पौराणिक स्थल दुर्वासा धाम तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। नगरवासियों द्वारा लंबे समय से अंडरपास की मांग की जा रही थी। इस दिशा में कस्बा निवासी राकेश विश्वकर्मा, गोविंद यादव और नगर पंचायत अध्यक्ष रामाशीष बरनवाल ने कई बार रेलवे को ज्ञापन सौंपा था।
इसके साथ ही पूर्व सांसद संगीता आजाद ने 23 जून 2023 को वाराणसी में रेलवे बोर्ड की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जबकि पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ने 19 सितंबर 2022 को रेल मंत्री को पत्र लिखकर अंडरपास निर्माण की मांग की थी। रेलवे द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए बलिया की यूनिवर्सल एनर्जी निर्माण कंपनी को निर्माण कार्य सौंपा गया है। मौके पर पोकलैंड मशीन और लोहे की सरिया से जाल तैयार कर तेजी से काम किया जा रहा है।
अंडरपास बनने से फूलपुर देहात, सदरपुर बरौली, मुंडियार, चित्रवावल, गहजी, कोईनहा, वनबीरपुर, धर्मदासपुर, नेवादा, दुर्वासा समेत दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
अब ग्रामीणों को रेल पटरी पार करने की समस्या से निजात मिलेगी और पौराणिक स्थल दुर्वासा धाम तक पहुंचना सुगम हो जाएगा।
इस संबंध में पूर्व सभासद राकेश विश्व ने कहा कि रेलवे का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। इससे न केवल लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।