आजमगढ़। कोरोना की तीसरी लहर निपटने की तैयारी करने के लिए प्रदेश सरकार बेहद गंभीर है। इसकी तैयारियों एवं टीकाकरण का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को अपर निदेशक पैरामेडिकल डॉ श्रीकांत तिवारी यहां आए। उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सबसे पहले मंडलीय जिला चिकित्सालय में लग रहे ऑक्सीजन प्लांट को देखा। उसके बाद जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. संजय से जनपद में चल रहे टीकाकरण के हाल की जानकारी ली। फिर सभी संवर्गों के स्टाफ से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने सीएमओ कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट के निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों से कहा कि सरकार ने इसके मद में धन दे दिया है। अब कार्यदायी संस्था से शीघ्रता से इसका निर्माण कराया जाए। यदि इसमें किसी प्रकार की अड़चन आती है तो तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए। एडिशनल सीएमओ डा. संजय कुमार, डा. परवेज अख्तर, वरिष्ठ परामर्शदाता जिला चिकित्सालय डा. चंद्रहास आदि साथ रहे।