आजमगढ़। दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ परिसर में शनिवार को अधिवक्ता परिषद काशी आजमगढ़ की ओर से संविधान दिवस पर पखवारा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति पीके गिरी (उच्च न्यायालय इलाहाबाद) ने मां सरस्वती एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
न्यायमूर्ति पीके गिरी ने संविधान कैसे तैयार हुआ, कैसे हमें समानता का अधिकार मिला, संविधान से हमें क्या सीख मिली आदि पर विचार व्यक्त किया। कहा कि संविधान के कारण ही आज प्रत्येक वर्ग के लोगों को समानता का अधिकार प्राप्त हुआ है। मुख्यवक्ता अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यप्रकाश राय, अधिवक्ता परिषद काशी प्रांत के उपाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह आदि ने भी संविधान पर विचार रखे। सिविल कोर्ट बार के अध्यक्ष व मंत्री विरेंद्र यादव व नीरज द्विवेदी व अधिवक्ता परिषद के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह, पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम मालवीय, अधिवक्ता परिषद के अन्य सदस्यगण व पदाधिकारीगण मौजूद रहे। अध्यक्षता विनोद सिंह और संचालन महामंत्री पीयूष राय व नीरज द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर मुकेश कुमार सिंह न्यायाधीश (एमएसीटी) सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।