आजमगढ़। पीएम और सीएम आवास के नाम पर लोगों से हो रही वसूली को रोकने के लिए डीएम की ओर से एक नई पहल शुरू की गई है। जिसके तहत अगर किसी लाभार्थी का आवास स्वीकृत हो गया है तो पैसा भेजने के साथ ही उसके मोबाइल पर डीएम की ओर से मैसेज जाएगा। धनतेरस से इसकी शुरूआत की दी गई है।
ऐसे गरीब जिनके सिर पर छत नहीं है उनको छत मुहैया कराने के लिए सरकार की ओर से पीएम और सीएम आवास योजना का संचालन किया जा रहा है। आवासों के आवंटन में लाभार्थियों से अक्सर अवैध वसूली की शिकायतें मिलती रहती हैं। कई जगहों पर पैसा लेकर अपात्रों को आवास आवंटन करने का मामला भी प्रकाश में आया है। लाभार्थियों से हो रही अवैध वसूली पर लगाम लगाने के लिए कई प्रयास किए गए लेकिन इस लगाम नहीं लग रही है। डीएम नागेंद्र प्रसाद सिंह ने एक पहल शुरू की है। इसके तहत जिन लाभार्थियों के आवास स्वीकृत होंगे और उन्हें आवास के निर्माण के लिए पहली या दूसरी किश्त भेजी जाएगी। उनके मोबाइल नंबर पर डीएम की ओर से एक बधाई संदेश भी जाएगा। शुक्रवार को 300 लाभार्थियों जिनके खाते में पहली और दूसरी किश्त की धनराशि भेजी गई, उन्हें डीएम की ओर से बधाई संदेश भेजा गया।
इस प्रकार होगा शुभकामना संदेश
पीओ डूडा की ओर से डीएम की ओर से भेजे जाने वाले शुभकामना संदेश को तैयार कर लिया गया है। मैसेज में लिखा जाएगा ‘‘ बधाई हो, आपके खाते में प्रधानमंत्री आवास की पहली किश्त की ... धनराशि या दूसरी किश्त की ... धनराशि पहुंच गई है। इसलिए अब आप अपने आवास का निर्माण शुरू करिए। डीएम आजमगढ़।’’
प्रधानमंत्री आवास योजना में अवैध वसूली की शिकायत पर लगाम लगाने के लिए डीएम की ओर से इस योजना की शुरूआत की गई है। क्योंकि गांव की जनता अक्सर पैसा आने के बाद भी नहीं जान पाती कि उसके खाते में पैसा आ गया है। क्योंकि उसका बैंक खाता मोबाइल से जुड़ा नहीं होता है। जिसका फायदा उठाकर लोग उनसे पैसा दिलाने के नाम पर वसूली करते हैं। इस योजना से अवैध वसूली पर लगाम लगेगी। अरविंद कुमार पांडेय, पीओ डूडा।