आजमगढ़। यूपी बोर्ड दसवीं और बारहवीं परीक्षाओं के परिणाम जारी होने का बेसब्री से स्टूडेंट्स इंतजार कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से चल रहा कि नौ जून को कक्षा 10वीं व 12वीं के छात्र-छात्राओं का परिणाम जारी होगा। विभागीय सूचना न मिलने पर यूपी बोर्ड के छात्र-छात्राओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की यूपी बोर्ड परीक्षा 24 मार्च से शुरू हुई थी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में कुल एक लाख 77 हजार 835 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। हाईस्कूल में 96625 व इंटरमीडिएट में 81210 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिले के 279 केंद्रों पर परीक्षा संपन्न हुई। छात्र जानना चाहते हैं कि उनका परिणाम कब घोषित किया जाएगा। उधर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है कि यूपी बोर्ड का परिणाम नौ जून को जारी होगा। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक डा. पीके उपाध्याय ने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इस संबंध में अभी फिलहाल कोई सूचना जारी नहीं की है। संभावना जताई जा रही है कि जून के दूसरे सप्ताह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम 2022 जारी करेगा। निर्देश आने के बाद ही इस संबंध में कुछ जानकारी मिल सकेगी।