आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में शुक्रवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में शासन की विकास प्राथमिकता संबंधी जनपदीय समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने जिले में 843.84 करोड़ की लागत से कुल 111 निर्माणाधीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए समस्त कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं के लिए पूरी धनराशि जारी की जा चुकी है, यदि एक हफ्ते के अंदर कार्य पूर्ण नहीं किया गया तो जवाबदेही तय करते हुए कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी ने प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत कंधरापुर में बैरक एवं विवेचना कक्ष, जीयनपुर में बैरक एवं विवेचना कक्ष, रौनापार में बैरक एवं विवेचना कक्ष, अतरौलिया, महाराजगंज, अहिरौला में बैरक एवं विवेचना कक्ष तथा 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ के लिए जारी की गई धनराशि के सापेक्ष निर्माण न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कार्यदाई संस्था कारण स्पष्ट करें कि लक्ष्य के सापेक्ष निर्माण कार्य क्यों नहीं पूरा किया गया। उन्होंने निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत जहानागंज, मुबारकपुर, मेंहनाजपुर, निजामाबाद, पवई, दीदारगंज, सरायमीर, कोतवाली आजमगढ़, सिधारी, रानी की सराय में विभिन्न क्षमता के बैरक एवं विवेचना कक्ष तथा निर्माण खंड पांच के द्वारा कराए जा रहे महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय आजमगढ़ एवं अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन के निर्माण कार्य को जारी की गई धनराशि के सापेक्ष निर्धारित समय के अंदर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, डिप्टी सीएमओ, डीईएसटीओ, बीएसए, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पीडब्ल्यूडी व जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।