जिला चिकित्सालय के पीछे स्थापित शेल्टर होम का निरीक्षण करतीं कमिश्नर और डीआईजी।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। मंडलायुक्त कनक त्रिपाठी और डीआईजी सुभाष चन्द्र दूबे ने सोमवार को गैर प्रान्तों और विदेशों से आने वालों को क्वारंटीन करने के लिए स्थापित दो शेल्टर होम का निरीक्षण किया। मंडलीय जिला चिकित्सालय के पीछे स्थापित शेल्टर होम में अभी किसी को नहीं रखा गया है। आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर जैगहा स्थिति राहुल सांकृत्यायन कालेज आफ फार्मेसी में दिल्ली से आए 11 लोग क्वारंटीन में रखे गए हैं। पूछताछ में बताया कि वे लोग पास के गांव पटवध सरैया के रहने वाले हैं। दिल्ली में खजूर पैकिंग का काम करते हैं। रविवार को गांव पहुंचने पर ग्राम प्रधान ने उन सभी लोगों को मडिकल जांच और क्वारंटीन के लिए यहां भर्ती कराया है। नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से भोजन आदि की व्यवस्था की गई है। सीएमओ तथा ईओ को निर्देश दिया कि मंडलीय जिला चिकित्सालय के निकट वाले शेल्टर होम में इन सभी लोगों को तत्काल शिफ्ट किया जाए। 11 लोगों में भोजन का वितरण किया।
इससे पहले मण्डलायुक्त कनक त्रिपाठी ने कैम्प कार्यालय पर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। कहा कि कुछ व्यापारियों की ओर से खाद्यान्नों की आपूर्ति बाधित एवं शार्टेज आदि बताकर स्टाक होर्डिंग एवं अधिक मूल्य वसूली का प्रयास किया जा रहा है। उपायुक्त खाद्य, संभागीय खाद्य नियन्त्रक एवं उप निदेशक मण्डी को सख्त हिदायत दी कि जमाखोरी, काला बाजारी और ओवर रेटिंग पर सतर्क नजर रखी जाए। उपायुक्त खाद्य को निर्देशित किया कि अप्रैल माह में वितरित किए जाने वाले अनाज का उठान आज ही शाम तक अनिवार्य रूप से हो जानी चाहिए।