लाटघाट। कप्तानगंज से देवरिया जिलेे के लार जा रही बरात में शामिल दूल्हे की कार व बाइक में बुधवार की शाम टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार समेत दूल्हा व कार चालक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हुंसेपुर पिपरी गांव निवासी अतुल सिंह की बुधवार को शादी थी। बरात घर से देवारिया जिले के लार जा रही थी। दूल्हे की कार अभी रौनापार थाना अंतर्गत आजमगढ़-दोहरीघाट मार्ग पर लाटघाट-कांखभार के बीच पहुंची थी कि एक बाइक से कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार के साथ ही दूल्हा अतुल व कार चालक टुनटुन घायल हो गए। सूचना पर महुला चौकी पुलिस तीनों को अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टर ने बाइक सवार की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं दूल्हा व कार चालक का स्थानीय निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।