सिविल लाइंस क्षेत्र में अमिक्रमण हटायो अभियान के तहत फर्निचर उठा कर ले जाते नपा कर्मी।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। शहर में बीते तीन दिनों से अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। शनिवार को एसडीएम सदर व सीओ सिटी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट से पुरानी जेल तक सड़क की पटरियों पर हुए अवैध अतिक्रमणों को हटवाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। कई दुकानदार मिन्नते करते रहे लेकिन अधिकारियों ने किसी की भी नहीं सुनी। वहीं कई दुकानदारों के समान आदि भी अतिक्रमण हटाने वाली टीम उठा ले गई।
शहर की सड़कों पर अतिक्रमण के चलते जाम का झाम लगता है। अतिक्रमण कई तरह का हुआ है। कुछ दुकानदार जहां सड़क की पटरी तक अपनी दुकान सजाए हुए है तो वहीं कई पटरियों पर ही अपनी दुकान लगाते है। अतिक्रमण के चलते शहर की सड़के सकरी हो गई है, जिसके चलते जाम लगता है और राहगीर परेशान होते है। आए दिन जाम की शिकायत प्रशासन तक पहुंचती है, जिसे देखते हुए एसडीएम सदर गौरव कुमार व सीओ सिटी राजेश पांडेय के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम बीते तीन दिनों से अतिक्रमण हटाने की कवायद में जुटी हुई है। शनिवार को टीम ने कलेक्ट्रेट तिराहे से पुरानी जेल तक अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई किया। इस दौरान नाली पर अथवा सड़क की पटरी पर अवैध रुप से हुए अतिक्रमण को हटवाया गया। इतना ही नहीं जिसके भी दुकानों पर लगे टीनशेड नाली के बाहर निकले थे, उसे उखवा दिया गया। बोर्ड आदि को भी टीम ने नहीं छोड़ा। कई दुकानदारों के सामान आदि भी टीम में शामिल नगर पालिका के कर्मचारी उठा ले गए। दुकानदार मिन्नते करते रह गए लेकिन एसडीएम-सीओ टस से मस नहीं हुए। इसके पीछे कारण यह था कि एसडीएम ने सभी दुकानदारों को एक दिन पूर्व ही अतिक्रमण हटा लेने की नोटिस दिया था। अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई के दौरान हड़कंप मचा हुआ था। दुकानदार अपना सामान समेटने में जुटे नजर आए। दो घंटे तक कार्रवाई चली और कलेक्ट्रेट से पुराने जेल तक दो पटरियों पर हुए अतिक्रमण को हटवा दिया गया।
नाले पर बने मेडिकल हाल को हटाने की चेतावनी
आजमगढ़। अतिक्रमण हटवाने की शनिवार को हुई कार्रवाई के दौरान एसडीएम ने नाले पर बने एक मेडिकल हाल को भी देखा। एसडीएम ने दुकानदार का नाम पूछा और फिर सोमवार तक नाले पर बने दुकान को हटवा लेने की चेतावनी दी, अन्यथा की स्थिति में दुकान अतिक्रमण हटाने वाले टीम ही हटा देगी।