जमुरता देवी का निधन 02 सितंबर 2026 को हुआ था। उनके निधन की सूचना पर मुख्यमंत्री उनके पैतृक आवास पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी जमुरता देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
24 मिनट तक क्षेत्रीय अध्यक्ष के घर बिताने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ वाराणसी के लिए रवाना हो गए। 3 बजकर 44 मिनट पर सीएम योगी आदित्यनाथ हेलीपैड पर उतरे और सीधे क्षेत्रीय अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद परिजनों को ढांढ़स बंधाकर 4 बजकर आठ मिनट पर वह वाराणसी के लिए रवाना हो गए।
मीडिया कर्मियों को रखा कार्यक्रम से दूर
सीएम के आगमन को लेकर मीडिया कर्मी सुबह से ही क्षेत्रीय अध्यक्ष के घर डेरा जमा चुके हैं। उन्हें उम्मीद थी सीएम योगी आदित्यनाथ उनसे कुछ वार्ता करेंगे। लेकिन, उनके आने से पूर्व ही मीडिया कर्मियों को वहां से बाहर कर दिया गया। सीएम भी बिना मीडिया कर्मियों से वार्ता किए वहां से रवाना हो गए।
डीएम भी प्रशासनिक अधिकारियों संग रहे मौजूद
सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद थी। डीएम रविंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन संजय चावला सहित अन्य अधिकारियों संग वहां की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाने में जुटे रहे।
सुरक्षा को लेकर एडीजी जोन वाराणसी ने खुद संभाला मोर्चा
सीएम के कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन काफी मुस्तैद रहा। कार्यक्रम के सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी खुद एडीजी जोन वाराणसी नवीन अरोरा ने संभाल रखी थी। इस दौरान उनके साथ डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसपी डॉ. अनिल कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी भी सुरक्षा में जुटे रहे।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर, दीपक राय, सौरभ सिंह बीनू, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, पूर्व सांसद नीलम सोनकर, ऋषिकांत राय, पूर्व सांसद संगीता आजाद आदि उपस्थित थे।