34 प्राथमिक विद्यालय नंदपुर में घूम रही बकरियां। संवाद
फरिहा। शिक्षा के अधिकार की बात करने वाली सरकार कि योजनाओं की जमीनी हकीकत प्राथमिक विद्यालय नंदपुर चकिया, मोहम्मदपुर शिक्षा क्षेत्र में देखने को मिल रही है। यहां दो कमरों में कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई कराई जा रही है, जबकि विद्यालय में कुल 66 छात्र पंजीकृत हैं और 4 शिक्षक नियुक्त हैं। विद्यालय में कुल चार पक्के कमरे बने हैं। इनमें से एक में आंगनबाड़ी केंद्र, दूसरे में ऑफिस, तीसरे को अतिरिक्त कक्ष और चौथे को रसोईघर के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। केवल दो ही कमरे ऐसे हैं जहां पर कक्षा 1 से 5 तक के सभी बच्चों की पढ़ाई होती है।
विद्यालय में चहारदीवारी सिर्फ तीन तरफ है, जबकि एक ओर से शारदा सहायक खंड-32 की नहर विद्यालय परिसर से सटी हुई है। बाउंड्रीवॉल नहीं होने के कारण बच्चों के नहर में गिरने का खतरा बना रहता है। शनिवार को विद्यालय परिसर में बकरियां खुलेआम घूम रही थीं। प्रधानाध्यापक विरेंद्र यादव ने कहा कि विद्यालय परिसर से सटी हुई नहर के कारण हमेशा डर बना रहता है कि कहीं कोई बच्चा नहर की ओर न चला जाए। इसलिए बाउंड्री वॉल बनवाना आवश्यक है। मोहम्मदपुर ब्लॉक के एसडीआई रवि प्रकाश से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सरकार ने जितने कमरे बनवाए गए हैं, उसी में शिक्षा दी जाएगी, उसके अतिरिक्त कुछ करना हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं है।
बाउंड्रीवॉल के लिए पहले ही वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) और ग्राम प्रधान को निर्देशित किया जा चुका है।