आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक पर बीती देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बरातियों और स्थानीय लोगों के बीच अचानक विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि बरात की गाड़ियों और एक स्थानीय दुकानदार के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
क्या है पूरा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों में कहासुनी इतनी बढ़ी कि लाठी-डंडे चलने लगे और पूरा इलाका कुछ समय के लिए रणभूमि जैसा नजर आने लगा। अचानक हुए इस बवाल से सड़क पर भगदड़ मच गई। कई लोग मौके से दूर भाग गए, जबकि कुछ लोग बीच-बचाव का प्रयास करते दिखाई दिए। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट और हंगामे की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: युवक ने फंदे से लटककर दी जान, पेड़ पर लटकता मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण पाया। पुलिस ने बताया कि विवाद कैसे शुरू हुआ, इसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और वायरल वीडियो के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
चौकी प्रभारी फरिहा अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।