आजमगढ़ जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के हटवा गांव में बधाई मांगने गईं किन्नरों के साथ मारपीट का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने जिलाधिकारी और एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
किन्नरों ने बताया कि सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे रूबी किन्नर, मैना किन्नर, मिष्ठी किन्नर, बहोगी किन्नर, पिंक्की किन्नर, मोना किन्नर, मोनिका किन्नर और निशा किन्नर बधाई मांगने के लिए हटवा गांव गई थीं। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे किन्नरों के दूसरे गुट ने कुछ युवकों के साथ मिलकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद नेहा किन्नर ने एक बाहरी युवक के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की।
इस घटना में मैना किन्नर, मिष्ठी किन्नर और बहोगी किन्नर को चोटें आईं, जिनके सिर में टांके भी लगे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की शिकायत मेंहनगर थाने में की गई, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व, 20 दिसंबर 2025 को मऊ जनपद में भी संगीता किन्नर के ग्रुप के लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी।
पीड़ित किन्नरों ने पुरानी रंजिश के चलते लगातार परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम से मामले में कानूनी कार्रवाई कराने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है। प्रार्थना पत्र में यह आशंका भी जताई गई है कि भविष्य में रूबी किन्नर या उनके किसी साथी पर कोई जानलेवा हमला होता है, तो इसके लिए नामजद विपक्षी जिम्मेदार होंगे।
थाना प्रभारी अभिराज ने बताया कि दोनों गुटों में बर्चस्व की लड़ाई है। हमारे पास दोनों पक्ष आया था। आज हमने मुकदमा दर्ज करने के लिए दोनों पक्षों को बुलाया था। एक पक्ष यहां आया था और दूसरा पक्ष जिले पर चला गया।