ब्लाॅक कोयलसा के सभागार में बुधवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। एसडीएम बूढ़नपुर प्रशांत कुमार ने लोगों को मतदान करने की शपथ दिलाई। कहा कि सूझबूझ के साथ अपने मतदान का प्रयोग कर अच्छे प्रतिनिधि का चुवाव करें। अच्छे प्रतिनिधि से ही क्षेत्र का विकास हो सकता है। पूर्व प्राचार्य भगत सिंह ने कहा कि हमें मतदान का एक ऐसा अधिकार मिला है। जिसके प्रयोग से हम अपने देश को सशक्त बना सकते हैं। हमारा नेतृत्व करने वाला अच्छा होगा तो हमारे लिए अनेक विकास के रास्ते खोलकर हमारा और हमारे देश का विकास करेगा। किसी के बहकावे में आकर हमें गलत तरीके से मतदान का प्रयोग नहीं करना चाहिए। अध्यक्षता कर रहे बीईओ अजय कुमार तिवारी ने कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हमें अपने मताधिकार का प्रयोग का करना चाहिए साथ ही यह भी ध्यान देने की जरूरत है कि हमारे द्वारा लिया गया फैसला हमारे भविष्य को बेहतर बना सकता है । इस मौके पर सुरेंद्र प्रताप सिंह, महेश, विजय प्रताप यादव, घनश्याम यादव, राजेंद्र यादव, अजय सिंह, प्रदीप सिंह आदि मौजूद रहे।