खेल निदेशालय उप्र व उप्र कबड्डी संघ के समन्वय से क्षेत्रीय खेल कार्यालय आजमगढ़ की ओर से राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ।
प्रतियोगिता सात से नौ अक्तूबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें प्रदेश के 18 मंडलों के साथ अमेठी छात्रावास और स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रतियोगिता का पहला मैच चित्रकूट बनाम वाराणसी के बीच खेला गया। इसमें चित्रकूट ने वाराणसी को करीबी मुकाबले में 23-21 से हराया। दूसरे मुकाबले में सहारनपुर ने मिर्जापुर को बेहद करीबी मुकाबले में 52-51 से पराजित किया।
मेरठ ने आगरा मंडल को 31-20 से हराया। गोरखपुर ने गोंडा को 32-12 से शिकस्त दी। वहीं अयोध्या ने प्रयागराज को रोमांचक मुकाबले में 24-23 से पराजित किया। पहले दिन के खेल में अधिकतर कड़े मुकाबले खेले गए।
इसके पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण आजमगढ़ के प्रथम पीठासीन अधिकारी मुकेश कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के सचिव विजेंद्र प्रताप सिंह ने किया।
क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन ने मुख्य अतिथि को बुके और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उप क्रीड़ाधिकारी जय प्रकाश यादव, उप्र कबड्डी संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. एहसान अहमद, रेफरी बोर्ड के चेयरमैन सुरेश कुमार सिंह, लक्ष्मण अवार्डी खिलाड़ी तारकेश्वर सिंह आदि खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
ये टीमें रहीं मौजूद
प्रतियोगिता में अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, चित्रकूटधाम, बस्ती, अयोध्या, वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, आगरा, आजमगढ़, सहारनपुर और झांसी मंडल की टीमें हिस्सा ले रही हैं।